जालोर के बहुचर्चित गणपतसिंह हत्याकांड मामले में आरोपी गजेंद्र ने अब खुद को निर्दोष बताते हुए बिना किसी शर्त के नार्को टेस्ट, पोलीग्राफ और ब्रेन मैपिंग जांच कराने की सहमति दे दी है। बुधवार को अधिवक्ता नंदपाल सिंह ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र पेश किया। पहले शर्तों के साथ सहमति देने पर आवेदन खारिज हो चुका था। अब आरोपी ने निष्पक्ष जांच के लिए सभी टेस्ट कराने की मांग की है और खुद को फंसाया जाना बताया है। पेश किए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया कि पहले जांच अधिकारी की ओर से संदिग्धों के नार्को टेस्ट के लिए कोर्ट में आवेदन किया गया था। उस समय गजेंद्र ने शर्तों के साथ सहमति दी थी, जिसके चलते कोर्ट ने आवेदन खारिज कर दिया था। अब राज्य सरकार उस आदेश के खिलाफ निगरानी पेश कर चुकी है और आरोपी ने बिना शर्त जांच कराने की बात कही है। और सच्चाई सामने लाने के लिए वह बिना शर्त टेस्ट कराने को तैयार है। साथ ही प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि परिवादी पक्ष से पुरानी रंजिश के चलते उसे झूठा फंसाया है और धरना-प्रदर्शन और सोशल मीडिया के जरिए पुलिस पर दबाव बनाकर गिरफ्तारी कराई है। गिरफ्तारी के दौरान गजेंद्र के साथ थर्ड डिग्री यातना दी और बिना समझाए दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए। आरोपी ने दावा किया कि उसे हत्या की घटना की कोई जानकारी नहीं है। पहले 2 करोड़ रुपए की गारंटी मांगी थी मामले की जांच के दौरान जांच अधिकारी सांचौर के तत्कालीन डीएसपी कांबले शरण गोपीनाथ ने 3 जनों को संदिग्ध मानते हुए नाकों टेस्ट कराने की मांग की थी। मामले में गजेंद्र ने सशर्त सहमति दी थी। जिसमें उसने टेस्ट से होने वाले मानसिक व शारीरिक क्षति और सामाजिक छवि धूमिल होने के एवज में 2 करोड़ की गारंटी मांगी थी। अन्य 2 जनों ने जरूर सहमति दी थी। परिजनों पर ब्लैकमेलिंग का भी आरोप लगाया प्रार्थना पत्र में मृतक गणपतसिंह के परिजनों व अन्य पर ब्लैकमेलिंग का भी आरोप लगाया है। आरोपी पक्ष द्वारा कोर्ट को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि पीड़ित पक्ष की आरोपी पक्ष से पुरानी रंजिश है, इसलिए अवैध संबंधों की कहानी रची है। प्रार्थना पत्र में मांग की है कि इस मामले की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए आरोपी का नार्को टेस्ट, पोलीग्राफ और ब्रेन मैपिंग जांच कराई जाए। साथ ही इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाए, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें। ------------------ यह खबर भी पढ़े… गणपत हत्याकांड में खुलासा, ब्लैकमेलिंग के कारण मर्डर:तीन गिरफ्तार; व्यापारी की बुजुर्ग मां भूख हड़ताल पर थी, विधायक भाटी ने दी थी चेतावनी हत्यारों को सजा दिलाने 80 साल की मां भूख-हड़ताल पर:व्यापारी की पत्नी अमित शाह को पत्र लिख चुकी; कीचड़ में औंधे मुंह पड़ी मिली थी लाश