ग्राम पंचायतों से जुड़े छोटे-बड़े गांवों के ग्रामीणों में गुरुवार को जिला स्तर के उपखंड कार्यालयों से सरपंच व वार्ड पंचों की लॉटरी खुलने के बाद अपनी-अपनी ग्राम पंचायत से जुड़ी खुली सीटों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। कहीं ग्रामीण युवा लंबे दिनों से सरपंच पद की आस लगाए तैयारियां कर रहे थे, लेकिन लॉटरी में आई सीट के बाद नाखुश नजर आए। वहीं अधिकांश युवाओं में खुशी झलकने लगी। ग्राम पंचायत झालीजी का बराना के लिए लॉटरी के अनुसार सरपंच पद के लिए सामान्य महिला सीट आने के साथ ही कस्बे में अलग-अलग चर्चाएं होने लगी हैं। लंबे समय बाद इस बार सामान्य महिला को सरपंच पद मिलने की आस जगी है। इसी तरह क्षेत्र की गैंडोली खुर्द ग्राम पंचायत के लिए एससी महिला सरपंच पद की सीट मिली है, वहीं फोलाई ग्राम पंचायत को ओबीसी सीट मिलने पर युवाओं ने तैयारी पूर्ण की। इस बार समीपस्थ गांव जगन्नाथपुरा को नई ग्राम पंचायत के रूप में पहली बार सामान्य महिला सरपंच की दावेदारी का मौका मिलेगा। इसी तरह चौतरा का खेड़ा ग्राम पंचायत को भी एसटी महिला सरपंच की लॉटरी खुली है। समीपस्थ करवाला की झोपड़ियां ग्राम पंचायत को भी सामान्य महिला सरपंच की दावेदारी रहेगी।