उदयपुर में एक सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। खास बात ये है कि चोरी बुधवार रात 8 बजे हुई, जब कॉलोनी में भी लोगों का मूवमेंट रहता है। इसके बावजूद चोर वारदात को अंजाम देने में कामयाब रहे। चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे। पूरे मकान में इधर-उधर तलाशी ली। उदयपुर के घंटाघर थाना क्षेत्र के सिलावट वाड़ी स्थित बीच की मस्जिद के सामने घर में यह वारदात हुई। घटना के बाद पीड़ित इरशाद खान पिता शहीद खान ने घंटाघर थाना पुलिस को सूचना दी। पीड़ित के घर के तीसरी मंजिल पर अलमारी में रखा करीब 35 तोला सोना और लगभग 20 लाख रुपए चोर ले गए। पूरा परिवार किसी परिचित के सामाजिक कार्यक्रम में गया था। देर रात जब परिवार के लोग घर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा देख हैरान रह गए। परिवार ने देखा कि कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियां खुली थी, जिनमें से कपड़े बाहर पड़े थे। सीसीटीवी खंगालते हुए तलाश में जुटी पुलिस पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पीड़ित इरशाद ने पुलिस को बताया- उनके चारों भाइयों के हक का सोना था। मेहनत से कमाए 20 लाख रुपए जमा पूंजी थी, जिसे चोर ले गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया और आसपास सीसीटीवी खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है।