बांसवाड़ा में घाटोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर स्थित डॉक्टर के सरकारी आवास के पीछे झाड़ियों के पास लावारिस हालत में नवजात शिशु मिला। नवजात का वजन 2.890 किलो है और फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। घटना रविवार सुबह की है। सीएचसी प्रभारी की ओर से पुलिस को दी गई लिखित रिपोर्ट के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11:15 बजे डॉ. उर्वेश सेठ के सरकारी आवास के पीछे नवजात मिलने की सूचना मिली। इसके बाद डॉ. उर्वेश सेठ, वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी शांतिलाल मईडा और नर्सिंग अधिकारी राहुल यादव तुरंत मौके पर पहुंचे। तीनों नवजात को सुरक्षित उठाकर हॉस्पिटल के एनआईसीयू/वार्ड में लाए। यहां शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. ललितपाल कटारा ने उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया। बाल कल्याण समिति को सौंपने की तैयारी स्वास्थ्य परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने नवजात की स्थिति खतरे से बाहर बताई है। उसे एमजी हॉस्पिटल में डॉक्टरों की देखरेख में रखा गया है। बाल कल्याण समिति (CWC), बांसवाड़ा को नियमानुसार सूचना दे दी गई है। आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत नवजात को समिति के सुपुर्द करने की कार्रवाई की जा रही है। घाटोल डीएसपी देवेंद्र सिंह ने बताया - सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अस्पताल में आने-जाने वाले रास्तों के फुटेज खंगाल रही है।