उदयपुर के गोगुंदा में निकुंज वाटिका के पीछे प्लास्टिक पाइप के गोदाम में बुधवार रात आग लग गई। आग की लपटों में सिंचाई के काम आने वाला पूरा सामान जलकर राख हो गया। गोदाम के पास की दो दुकान भी आग की चपेट में आ गईं। वहीं निकुंज वाटिका में शादी समारोह चल रहा था। तुरंत मंडप और स्टेज को हटाया गया। आग लगने का कारण नहीं आया सामने निकुंज वाटिका के पीछे गोदाम की लगी आग की सूचना पर गोगुंदा थानाधिकारी श्यामसिंह चारण जाब्ते साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। आग में दो दुकान भी चपेट में आ गई थी। ग्रामीणों ने दुकान का सामान बाहर निकाला। वहीं उदयपुर से दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद एक घंटे में आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। गोगुंदा में नहीं है फायर ब्रिगेड की सुविधा, 45 किमी दूर से बुलाते हैं गोगुंदा उपखंड मुख्यालय होने के बावजूद यहां फायर ब्रिगेड की कोई स्थायी सुविधा उपलब्ध नहीं है। करीब 35 किलोमीटर के बड़े क्षेत्र में आए दिन आगजनी की घटनाएं सामने आ रही हैं। आगजनी होने पर करीब 45 किमी दूर उदयपुर शहर से फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ती है, जिसे यहां पहुंचने में समय लगने से तब तक काफी नुकसान हो जाता है। ग्रामीण लंबे समय से गोगुंदा में फायर ब्रिगेड सुविधा उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। इनपुट: गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा