भास्कर न्यूज | जैसलमेर श्रीयादे माटी कला बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद राय टाक के जैसलमेर प्रवास के दौरान कुमावत समाज, जैसलमेर द्वारा उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर टाक ने कहा कि राज्य सरकार समाज के सर्वांगीण विकास तथा परंपरागत कला के संरक्षण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने समाजजनों से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति दें। इसके पश्चात कुमावत समाज अध्यक्ष हुकमाराम भटिया ने अपने संबोधन में कहा कि समाज की उन्नति के लिए शिक्षा का प्रसार तथा नशा जैसी सामाजिक बुराइयों पर नियंत्रण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने समाजजनों से आह्वान किया कि वे युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाएं। वे नशामुक्त, जागरूक तथा संगठित समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर अखिल भारतीय कुमावत संत गरवाजी सेवा समिति के महामंत्री मूलाराम मंगल ने समिति की आगामी कार्ययोजना तथा प्रस्तावित मेले के संबंध में जानकारी दी। अखिल भारतीय कुमावत संत गरवाजी सेवा समिति के उपाध्यक्ष बंशीलाल गेधर, गणपतलाल बोरावट, रेवंतलाल मंगलराव, पुरुषोत्तम मंगलराव, अशोक बोबरवाल, अशोक कनोई, सुरेश कपूरिया, नखताराम आरोड़ सहित समाजबंधु उपस्थित रहे।