भास्कर न्यूज| बालोतरा प्रदेश में बढ़ते तापमान को देखते हुए राज्य सरकार ने गर्मी और लू-ताप की लहर से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है। आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की उप शासन सचिव शैफाली कुशवाहा ने बताया कि हीट वेव की स्थिति के प्रभावी शमन और प्रबंधन के लिए क्या करें और क्या न करें के दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। विभाग ने कहा है कि लोग इन निर्देशों का पालन करें। खुद को सुरक्षित रखें। परिवार को सुरक्षित रखें। बच्चों, वृद्धजनों, गर्भवती महिलाओं, बीमार व्यक्तियों का अतिरिक्त ध्यान रखें। गर्मी व लू से बचाव के लिए दोपहर 12 से 3 तीन बजे तक घर से बाहर न निकलें। विभाग ने सलाह दी है कि लोग स्थानीय मौसम की अद्यतन जानकारी रेडियो, दूरदर्शन, समाचार पत्रों, मोबाइल एप से नियमित लेते रहें। पर्याप्त पानी पिएं। ओआरएस, लस्सी, नींबू पानी, छाछ को दैनिक आहार में शामिल करें। धूप में निकलें तो हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें। सिर कपड़े, टोपी, छाते से ढकें। आंखों और त्वचा की सुरक्षा के लिए धूप का चश्मा, सनस्क्रीन का उपयोग करें। नियोक्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि कार्यस्थलों पर शीतल पेयजल की व्यवस्था रहे। प्राथमिक चिकित्सा सामग्री उपलब्ध रहे। ओआरएस, आइस पैक जैसी सामग्री रखी जाए। श्रमिकों के लिए छायादार स्थान उपलब्ध कराया जाए। भारी श्रम वाले काम सुबह या शाम कराए जाएं। कार्यस्थलों पर हीट स्ट्रेस के लक्षणों को लेकर जागरूकता रहे। जरूरत पर तुरंत चिकित्सा सहायता दी जाए।