सरकार ने शहरवासियों को पानी की आपूर्ति करने के लिए गर्मी में संचालित होने वाले टैंकरों के बजट में 20 लाख रुपए की कटौती कर ली है। इससे इस बार मई व जून में रोजाना 230 टैंकरों के मुकाबले 152 टैंकर पानी ही मिल पाएगा। पिछले साल गर्मी में दौसा शहर में टैंकरों से पानी की सप्लाई के लिए 1 करोड़ 12 लाख रुपए का बजट मिला था। इस बार 92 लाख रुपए ही स्वीकृत हुए हैं। शहर में बाणगंगा के ट्यूबवेलों और बीसलपुर योजना से आने वाले पानी से आधे शहर में 5 से 6 दिन में सप्लाई मिल पा रही है। ऐसे हालात में दौसा शहर की पानी सप्लाई से वंचित कॉलोनी और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पानी की किल्लत को लेकर टैंकरों से सप्लाई की जाती है। पिछले साल मई व जून महीने में रोजाना 230-230 टैंकर तथा जुलाई में रोजाना 170 टैंकर पानी सप्लाई किया गया था। इस बार 92 लाख रुपए का बजट मिला है। इससे इस बार मई में 153, जून में 152 व जुलाई महीने में रोजाना 127 टैंकर ही पानी सप्लाई हो सकेगा। टैंकरों से पानी की सप्लाई कम होने के कारण मई व जून महीने में पानी की किल्लत बढ़ सकती है। हालांकि, अप्रैल में टैंकरों में ज्यादा कटौती नहीं की गई है। इस महीने पिछले साल रोजाना 140 टैंकर पानी सप्लाई हुआ था। इस बार रोजाना 134 टैंकर पानी सप्लाई किया जा रहा है। गौरतलब है कि जलदाय विभाग की ओर से गर्मी में शहर में अतिरिक्त टैंकर लगाए जाते हैं। ये टैंकर अप्रैल से जुलाई तक संचालित किए जाते हैं। इस बार स्वीकृति कम मिली है। इससे अगले महीने गर्मी के दौरान पानी की समस्या रहेगी। दौसा| जलदाय विभाग की ओर से टेंकरों से पानी की सप्लाई।