राजस्थान के किसान व कृषि विभाग के अधिकारी रूस की ड्रोन तकनीक, कनाडा के खेतों में एग्री प्रोसेसिंग और पराली के प्रोग्रेस, ब्राजील की तरह सोयाबीन उत्पादन को बढ़ावा देने, मक्का से मेथेनॉल बनाने के गुर सीखेंगे। इसके साथ ही दूसरे देशों में खेती के दौरान अपनाई जाने वाले सिस्टम, एआई सहित अन्य टेक्नोलॉजी की जानकारी लेंगे। सीएम ने कृषि क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले देशों की टेक्नोलॉजी की जानकारी लेने के लिए अधिकारियों को लगाने के निर्देश दिए। ताकि इन देशों में किए जा रहे कृषि नवाचारों तकनीकों को प्रदेश के किसानों के हित में अपनाया जा सके। ग्राम-2026 की इन्वेस्टर मीट गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित हुई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निवेशकों व उद्यमियों को ग्राम-2026 में भाग लेने का आमंत्रण दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा किसान हारी हुई जंग लड़ता है। नुकसान हो जाए, कुछ भी हो जाए, लेकिन अगली बार उसे फसल बोनी ही है, वो हार नहीं मानता। सरकार भी किसानों और निवेशकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। एक्सपर्ट्स से चर्चा, किसानों की आय बढ़ाने का मेगा प्लान बनेगा मुख्यमंत्री ने दिल्ली में कार्यक्रम के दौरान कनाडा, रूस, ऑस्ट्रेलिया, इटली, ब्राजील, वियतनाम और अर्जेंटीना के दूतावासों के वाणिज्यिक व कृषि प्रतिनिधियों से राजस्थान में कृषि निवेश बढ़ाने व तकनीकी विषयों पर बात की। इस दौरान जल संसाधन मंत्री सुुरेश रावत, कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा, सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार, राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी, प्रमुख शासन सचिव कृषि मंजू राजपाल मौजूद रहे। चौधरी ने कहा- कृषि फायदे का सौदा बनेगा केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि जब तक कृषि लाभदायक नहीं बनेगी, तब तक देश का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने वैज्ञानिकों से प्रदेश की भौगोलिक जरूरतों के अनुसार तकनीक विकसित करने की अपील की। मीणा ने कहा- महिला उद्यमिता पर भी फोकस कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने बताया कि ग्राम-2026 के तहत देश के कई शहरों में प्री-इवेंट्स होंगे। कार्यक्रम में विशेष सत्र, जाजम चौपाल, महिला उद्यमिता और कृषि स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर चर्चा होगी।