पचपदरा विधायक डॉ. अरूण चौधरी ने टापरा और कालूडी ग्राम पंचायतों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम रथ अभियान के तहत आयोजित जन जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लिया और विधायक मद से एक करोड़ रुपए से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया इन कार्यक्रमों में ग्राम रथ और कला जत्थों के माध्यम से ग्रामीणों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की और कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। गांव-गांव जाकर आमजन को योजनाओं से जोड़ा विधायक डॉ. अरूण चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने ग्राम रथ अभियान को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया, जिसके माध्यम से गांव-गांव जाकर आमजन को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने जोर दिया कि राज्य सरकार की मंशा है कि विकास केवल शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि गांवों तक समान रूप से पहुंचे। इसके लिए सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। आमजन को मिलेगा सीधा लाभ विधायक ने बताया कि विधायक मद से कराए जा रहे विकास कार्य ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत किए गए हैं, ताकि आमजन को सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिकतम लाभ उठाएं और आसपास के जरूरतमंद लोगों को भी योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करें। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।