जयपुर में आईनॉक्स-पीवीआर मल्टीप्लेक्स में देर रात फिल्म 'धमाल' की स्क्रीनिंग बीच में अचानक बंद हो गई। काफी देर तक तकनीकी समस्या दूर नहीं होने पर दर्शकों ने मल्टीप्लेक्स प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। स्थिति बिगड़ती देख प्रबंधन को सभी दर्शकों की टिकट राशि वापस करनी पड़ी। मामला मालवीय नगर स्थित जीटी्रल मॉल का है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फिल्म सामान्य रूप से चल रही थी, तभी अचानक स्क्रीनिंग रुक गई। पहले दर्शकों को कुछ देर इंतजार करने के लिए कहा गया, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी फिल्म दोबारा शुरू नहीं हो सकी। इससे दर्शकों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने मल्टीप्लेक्स प्रबंधन से जवाब मांगा। दर्शकों का कहना था कि वे परिवार और दोस्तों के साथ फिल्म देखने पहुँचे थे, लेकिन तकनीकी खामी के कारण पूरा अनुभव खराब हो गया। कई लोगों ने सवाल उठाया कि यदि मल्टीप्लेक्स में तकनीकी व्यवस्थाएँ सुचारु नहीं हैं तो दर्शकों को बार-बार परेशानी क्यों उठानी पड़ रही है। अब देखिए, PHOTOS… दर्शक बोले- यहां छत से पानी टपकने जैसी समस्याएं आम हैं विरोध बढ़ने पर आईनॉक्स-पीवीआर प्रबंधन ने सभी दर्शकों को टिकट की पूरी राशि रिफंड कर दी, जिसके बाद मामला शांत हुआ और लोग वापस लौटे। हालांकि, यहां फिल्म देखने आने वाले नियमित दर्शकों का कहना है कि जीटी सेंट्रल स्थित इस मल्टीप्लेक्स में ऐसी तकनीकी समस्याएँ नई नहीं हैं। पहले भी यहाँ कई बार तकनीकी खराबी के कारण फिल्में बीच में रोकनी पड़ी हैं। इतना ही नहीं, बारिश के मौसम में सिनेमाघर की छत से पानी टपकने की शिकायतें भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन प्रबंधन अक्सर तकनीकी कारणों का हवाला देकर पल्ला झाड़ लेता है। महंगे टिकट के बावजूद खराब सर्विस से नाराजगी दर्शकों का कहना है कि मल्टीप्लेक्स जैसी प्रीमियम सुविधा के लिए टिकट की बहुत ऊंची कीमत वसूली जाती है, ऐसे में बेहतर तकनीकी व्यवस्था और बुनियादी सुविधाएँ मिलना उनका हक है। बार-बार होने वाली ऐसी घटनाएँ सिनेमाघर के दावों और व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। इस पूरे मामले और दर्शकों की शिकायतों को लेकर जब आईनॉक्स-पीवीआर के क्लस्टर हेड अविनाश धर से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो समाचार लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया (जवाब) प्राप्त नहीं हो सकी।