डूंगरपुर के सदर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर खेड़ा गांव के पास एक सड़क हादसा हो गया। गुजरात से शादी समारोह में शामिल होने जा रहे युवकों की कार सड़क किनारे खड़े एक टैंकर से टकरा गई। इस दुर्घटना में कार सवार 3 युवक घायल हो गए, जिनमें से 1 की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार गुजरात के ओढव गांव निवासी ऋतिक दसलनिया अपने दोस्तों देवेंद्र और हार्दिक के साथ डूंगरपुर आ रहे थे। वे जिले के रामगढ़ गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। खेड़ा गांव के पास पहुंचने पर कार ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सड़क किनारे खड़े एक टैंकर के पिछले हिस्से में जा घुसी। कार ड्राइवर को आई गंभीर चोटें हादसे की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस के पायलट मुकेश कटारा और ईएमटी जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को संभाला और तत्काल डूंगरपुर के जिला अस्पताल पहुंचाया। इस दुर्घटना में कार चला रहे ऋतिक दसलनिया को गंभीर चोटें आई हैं। उनका इलाज जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में चल रहा है। कार में सवार अन्य 2 साथी देवेंद्र और हार्दिक को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। एंबुलेंस के ईएमटी जितेंद्र सिंह ने घटना की पुष्टि की है।