नाबार्ड के 45वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को मालाखेड़ा ब्लॉक के ग्राम हल्दीना और कैरवाड़ी में महिलाओं को फलदार पौधों का वितरण किया गया। नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक (DDM) मीनाक्षी मीणा ने महिलाओं को पौधे सौंपते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मीणा ने उपस्थित महिलाओं से प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण बचाने का अभियान नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण प्रदान करने की जिम्मेदारी भी है। महिलाओं ने भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प लिया। इसी क्रम में, नाबार्ड और लोक विकास शिक्षण संस्थान (LVSS) के संयुक्त सहयोग से हल्दीना और कैरवाड़ी में महिलाओं के लिए बैग मेकिंग एलईडीपी (आजीविका उद्यम विकास कार्यक्रम) प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।