हनुमानगढ़ में जोधपुर विद्युत वितरण निगम श्रमिक संघ ने गुरुवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर धरना दिया। कर्मचारियों ने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और प्रबंध निदेशक स्तर पर जल्द बातचीत की मांग की। संघ की मुख्य मांगों में निजीकरण पर रोक लगाना, मानवीय आधार पर अंतर-डिस्कॉम स्थानांतरण नीति लागू करना और पात्र कर्मचारियों को 3, 12, 21 व 30 वर्ष की सेवा पर एसीपी का लाभ देना शामिल है। लंबित डीपीसी और सूचना सहायकों के लिए पदोन्नति के अवसर उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। कर्मचारियों ने आरजीएचएस के तहत कैशलेस चिकित्सा सुविधा, हार्ड ड्यूटी अलाउंस और ओवरटाइम बिलों का समय पर भुगतान मांगा। 33/11 केवी सब स्टेशनों पर मूलभूत सुविधाएं और तकनीकी कर्मचारियों को सुरक्षा प्रशिक्षण देने की भी मांग रखी गई। संघ ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन बढ़ेगा और दीपावली बाद एमडी ऑफिस का घेराव होगा।