भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल की संगठनात्मक बैठक अरोड़वंश धर्मशाला में आयोजित हुई, जिसमें आगामी नगर निकाय चुनाव, शहरी सेवा शिविरों की गतिविधियों और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत आयोजित बैठक में पार्टी ने कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण के लिए डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म की शुरुआत भी की। नेताओं ने कहा कि तकनीक आधारित प्रशिक्षण से संगठनात्मक कार्यों में एकरूपता आएगी और कार्यकर्ताओं की दक्षता बढ़ेगी। डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म से मिलेगा व्यवस्थित प्रशिक्षण पार्टी ने संगठन को तकनीक से जोड़ने की दिशा में डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म शुरू किया है। इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यपद्धति और जनसेवा से जुड़े विषयों पर व्यवस्थित एवं एकसमान प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि देशभर में संगठनात्मक कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित हो सके। दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ बैठक का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, जिला मंत्री मुरलीधर सोनी, जिला प्रवक्ता जुगल किशोर गौड़, जिला प्रवक्ता आशीष पारीक तथा नगर मंडल अध्यक्ष नितिन कुमार बंसल ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में मंडल पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र एवं बूथ संयोजकों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। तकनीक से मजबूत होगा संगठन जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कहा कि बदलते समय में संगठन को तकनीक से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया की अवधारणा अब संगठनात्मक कार्यों में भी दिखाई दे रही है और आज कार्यकर्ता सोशल मीडिया व डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंच रहे हैं। प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की ताकत जिला मंत्री मुरलीधर सोनी और जिला प्रवक्ता जुगल किशोर गौड़ ने कहा कि प्रशिक्षित, अनुशासित और वैचारिक रूप से मजबूत कार्यकर्ता किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। उन्होंने बताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से देशभर के कार्यकर्ताओं को समान प्रशिक्षण सामग्री उपलब्ध होगी, जिससे संगठनात्मक कार्यों में एकरूपता आएगी। बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर जिला प्रवक्ता आशीष पारीक ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक कार्यकर्ता को भाजपा की विचारधारा और संगठन की कार्यशैली से जोड़ना है। वहीं, नगर मंडल अध्यक्ष नितिन कुमार बंसल ने कहा कि डिजिटल प्रशिक्षण से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं की कार्यक्षमता बढ़ेगी। नगर निकाय चुनाव को लेकर बनी रणनीति बैठक में आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर भी विस्तृत रणनीति तैयार की गई। कार्यक्रम का संचालन नगर मंडल महामंत्री राजपाल सिंह ने किया।