हनुमानगढ़ में लोक परिवहन बस ड्राइवरों और कंडक्टरों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन पालेवाली ढाणी के पास हुई मारपीट, लूट और जातिसूचक गाली-गलौज के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने के विरोध में था। बस कर्मियों ने पहले टाउन स्थित जीएम रिजॉर्ट के पास बसें खड़ी कर कुछ देर के लिए सांकेतिक जाम लगाया। इसके बाद सभी ड्राइवर और कंडक्टर सदर थाने पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। बसों का चक्काजाम करने की चेतावनी प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जिलेभर में लोक परिवहन बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। इस दौरान कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से समझाइश कर रास्ता खुलवाया। लोक परिवहन बस के एक कंडक्टर ने बताया कि यह घटना 11 जुलाई की शाम की है। वह ड्राइवर बलराज सिंह के साथ रामपुरिया की ओर जा रहे थे। रास्ते में पालेवाली ढाणी के एक यात्री को बस स्टैंड नहीं होने के कारण पक्का सहारणा में उतरने की सलाह दी गई थी। इससे नाराज होकर यात्री ने गांव के अन्य लोगों को बुला लिया। मारपीट कर कैश, सोने की चेन लूटने का आरोप आरोप है कि पालेवाली ढाणी के पास करीब 15 से 20 लोगों ने बस रुकवाकर ड्राइवर और कंडक्टर के साथ मारपीट की। इस दौरान जातिसूचक गालियां दी गईं, टिकट बिक्री के लगभग 14 हजार रुपए लूट लिए और टिकट काटने की मशीन भी तोड़ दी गई। इसी दौरान पीछे से पहुंची दूसरी लोक परिवहन बस के कंडक्टर मंगल सिंह के साथ भी मारपीट की गई। उनसे करीब 15 हजार रुपए और एक सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया गया है। बस कर्मियों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी उनके साथ ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं। ज्ञापन में उन्होंने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।