हनुमानगढ़ में छठ पर्व से पहले नगर परिषद सभापति मंजू रणवां और उपसभापति सोनू बंसल ने चुंगी नंबर आठ पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नहर और उसके आसपास जल्द सफाई करवाने के निर्देश दिए। पूर्वांचल समाज के लोगों ने चुंगी नंबर छह से अंडरपास तक नहर की बेहतर सफाई की मांग की थी। इसका मकसद छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी से बचाना है। पार्षद गुरनायब सिंह और पार्षद प्रतिनिधि कुलविन्द्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में पूर्वांचल समाज के लोग रहते हैं। हर साल चुंगी नंबर आठ से गुजरने वाली नहर पर छठ पर्व मनाया जाता है। श्री छठ पूजा समिति ने 11 नवंबर को आरटीडीसी होटल के पास दंगल प्रतियोगिता का प्रस्ताव भी रखा है, जिसकी सराहना की गई। मौके पर समिति के व्यवस्थापक प्रदीप पाल, संरक्षक रामपाल जाटव, संयोजक नागेंद्र प्रताप सिंह, अध्यक्ष राजवीर यादव समेत कई सदस्य मौजूद थे।