हनुमानगढ़ में कांग्रेस ने स्थानीय निकाय चुनाव में देरी के विरोध और संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को एक बैठक की। यह बैठक पूर्व विधायक चौधरी विनोद कुमार के निवास पर हुई, जिसमें संगठन विस्तार, आगामी चुनावों की रणनीति और कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता पीसीसी सदस्य भूपेंद्र चौधरी ने की। इस अवसर पर पूर्व जिला प्रमुख कविता मेघवाल, पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़, जयदेव भिड़ासरा, कृष्ण जैन, संगठन महासचिव गुरमीत चंदड़ा और ब्लॉक अध्यक्ष जिनेंद्र जैन सहित कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप बैठक को संबोधित करते हुए भूपेंद्र चौधरी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार स्थानीय निकाय चुनाव टालकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है। चौधरी ने कहा कि पहले 'वन स्टेट-वन इलेक्शन', फिर परिसीमन और अब ओबीसी आयोग की रिपोर्ट का हवाला देकर चुनाव टाले जा रहे हैं। उन्होंने न्यायालय के आदेशों की बार-बार अनदेखी को लोकतंत्र के लिए अनुचित बताया। 'संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ' अभियान चौधरी ने इस बात पर जोर दिया कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए समय पर चुनाव होना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से प्रदेश कांग्रेस ने 'संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ' अभियान शुरू किया है, जिसका लक्ष्य आमजन को जागरूक करना है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस अभियान के तहत आगामी दिनों में ग्राम पंचायतों और शहर के वार्डों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनसमस्याओं को उठाया जाएगा और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाएगा। हर ग्राम पंचायत में कमेटियों का होगा गठन भूपेंद्र चौधरी ने कार्यकर्ताओं से 7 अप्रैल तक प्रत्येक ग्राम पंचायत और नगर परिषद के हर वार्ड में 21 सदस्यीय कमेटियों का गठन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इसका उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। बैठक में घनश्याम भादू, प्रेमराज नायक, राजेंद्र नायक, रोहित स्वामी, प्रकाश जैन, योगेश चौहान, अमर सिंह सिहाग, रणवीर सिहाग, राजेंद्र तंवर, अनिल भाम्भू, राजकुमार दूधवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।