हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस ने ट्रकों से डीजल चोरी के मामले में फरार चल रहे 15 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सद्दाम उर्फ बुच्चिया निवासी वार्ड नंबर-2 लखूवाली हेड 5 एलके, हाल निवासी चक 9 आरपी, रंजीतपुरा के तौर पर हुई है। यह आरोपी जिला पुलिस की टॉप 10 अपराधियों की सूची में शामिल है। सद्दाम के खिलाफ राजस्थान और हरियाणा के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित करीब डेढ़ दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार 29 मार्च को सुरेशिया निवासी राजबहादुर ने हनुमानगढ़ जंक्शन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि तड़के करीब 4 बजे अज्ञात चोरों ने सड़क किनारे खड़े 2 ट्रकों से लगभग 200 लीटर डीजल चोरी कर लिया था। CCTV फुटेज के आधार पर दबोचा परिवादी ने यह भी बताया था कि इससे पहले भी क्षेत्र में ट्रकों से लगातार डीजल चोरी की घटनाएं हो रही थीं। इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण, मानवीय एवं तकनीकी सूचनाओं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी पर जिला पुलिस अधीक्षक की ओर से 15 हजार रुपए का इनाम घोषित था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से डीजल चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ से अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2017 से 2023 के बीच हनुमानगढ़, पल्लू, संगरिया के अलावा श्रीगंगानगर, जयपुर और चूरू सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और उसके अन्य साथियों के बारे में भी जांच कर रही है।