हनुमानगढ़ जिले में संगरिया थाना पुलिस ने दिनदहाड़े महिला के कानों से सोने की बालियां झपटने के मामले का खुलासा करते हुए 2 अंतरराज्यीय बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह घटना संगरिया बस स्टैंड पर 27 मार्च को हुई थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 38 वर्षीय सुरेंद्र सिंह और 30 वर्षीय हरगोविंद सिंह उर्फ गविंदी के रूप में हुई है। ये दोनों पंजाब के मुक्तसर जिले के तप्पाखेड़ा, लंबी के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी पहले भी कई ऐसी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। यह मामला 1 अप्रैल को भाखरांवाली निवासी सुरेंद्र द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के बाद सामने आया था। रिपोर्ट में बताया गया था कि 27 मार्च को उसकी मां और एक रिश्तेदार संगरिया बस स्टैंड पर खड़े थे। तभी बाइक सवार 2 बदमाश आए और उसकी मां के कानों से सोने की बालियां झपटकर फरार हो गए। CCTV फुटेज के आधार पर हुई पहचान पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी अमर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान एक आरोपी सुरेंद्र सिंह को सिरसा से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया। इसके बाद दूसरे आरोपी हरगोविंद सिंह उर्फ गविंदी को भी पुलिस ने पकड़ लिया। दोनों से वारदात के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब में कर चुके कई वारदातें प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये आरोपी राजस्थान के अलावा हरियाणा और पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में भी झपटमारी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस को इनसे अन्य वारदातों के खुलासे और चोरी का सामान बरामद होने की संभावना है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है और उनसे जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।