शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने गुरुवार को हनुमानगढ़ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूलों का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रीगंगानगर से पीलीबंगा जाते समय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बनवाला गांव के राजकीय स्कूल का निरीक्षण किया। इसके बाद पक्का भादवा में मंत्री ने ग्रामीणों और महिला सफाईकर्मियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। अयालकी गांव के राजकीय विद्यालय में उन्होंने नए भवन निर्माण कार्य के लिए भूमि पूजन और शिलान्यास किया। 'सरकारी स्कूलों के बच्चों ने किया शानदार प्रदर्शन' इस अवसर पर शिक्षा मंत्री दिलावर ने कहा कि अब वह समय बीत गया जब सरकारी स्कूलों की पढ़ाई पर सवाल उठते थे। उन्होंने बताया कि हालिया परीक्षा परिणामों में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है और कई मामलों में निजी स्कूलों को भी पीछे छोड़ा है। मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि शिक्षा के क्षेत्र में शेष कमियों को जल्द दूर किया जाए। उन्होंने यह भी बताया कि गरीब और मजदूर वर्ग के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए शिक्षक घर-घर जाकर प्रयास कर रहे हैं। बच्चों में संस्कारों के विकास पर भी जोर उन्होंने बताया कि राज्य सरकार बच्चों को मिड-डे मील, फ्री किताबें और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। इस बार सत्र के पहले दिन ही विद्यार्थियों को किताबें उपलब्ध कराई गईं, जिसे उन्होंने एक सकारात्मक बदलाव बताया। सरकार शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में संस्कारों के विकास पर भी विशेष ध्यान दे रही है। इसके बाद मंत्री ने गोलूवाला में पीएम श्री स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्राचार्य सुखदेव गोदारा सहित स्टाफ की सराहना की और स्कूल को नया स्वरूप देने वाले मनोहरलाल बिशु के प्रयासों की प्रशंसा की। मंत्री ने यहां स्टाफ के साथ करीब 30 मिनट बातचीत की। लोंगवाला में सरपंच सुनील क्रांति के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मंत्री का स्वागत किया। दौरे के अंत में वे पीलीबंगा पहुंचे और स्थानीय व्यापारियों से मुलाकात की।