हनुमानगढ़ के भिरानी थाना क्षेत्र में फर्नीचर कारीगर की 1.70 लाख रुपए की मजदूरी रोकने और पैसे मांगने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। कारीगर सरजीत सिंह का आरोप है कि मजदूरी की रकम मांगने पर मुकेश नाम के व्यक्ति ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद आरोपी अपने तीन साथियों के साथ उसके घर भी पहुंचा और परिवार को धमकाया। करीब एक साल तक किया फर्नीचर का काम पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता सरजीत सिंह (27) पुत्र मोमनराम यादव, निवासी रतनपुरा, भादरा ने न्यायिक मजिस्ट्रेट भादरा के समक्ष शिकायत पेश की थी। शिकायत में मुकेश पुत्र सीताराम यादव निवासी गढ़ड़ा, भादरा और तीन अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। सरजीत सिंह ने शिकायत में बताया कि वह फर्नीचर का काम करता है। उसने 9 अक्टूबर 2024 से करीब एक साल तक मुकेश के कहने पर फर्नीचर का काम किया। काम अधिक होने के कारण उसने तीन हेल्पर और एक अन्य मिस्त्री को भी अपने साथ काम पर लगाया था। हिसाब के बाद भी 1.70 लाख रुपए बाकी शिकायत के मुताबिक, मुकेश ने समय-समय पर कुछ रकम का भुगतान किया और हेल्पर व मिस्त्री का हिसाब भी कर दिया। हालांकि, सरजीत की मजदूरी का पूरा हिसाब करने के बाद 1 लाख 70 हजार रुपए बाकी रह गए। सरजीत का आरोप है कि जब उसने बची हुई रकम मांगी तो मुकेश टालमटोल करने लगा। बार-बार पैसे का तकाजा करने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। 'कार्रवाई की तो जान को खतरा' देने का आरोप शिकायतकर्ता के अनुसार, मारपीट के दौरान उसे धमकी दी गई कि अगर उसने इस मामले में कार्रवाई की तो उसकी जान को खतरा हो सकता है। इसके बाद मुकेश अपने तीन साथियों के साथ सरजीत के घर पहुंचा। घर पहुंचकर पत्नी और परिवार को भी धमकाया सरजीत ने आरोप लगाया कि घर पहुंचने पर आरोपियों ने उसकी पत्नी रेनू को भी धमकाया। परिवार के साथ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। आरोप है कि आरोपियों ने कहा कि मजदूरी के पैसे नहीं दिए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर परिवार को नुकसान पहुंचाने के लिए लाखों रुपए तक खर्च किए जा सकते हैं। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दर्ज किया केस न्यायालय से मिले आदेश के आधार पर भिरानी थाना पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक ओमप्रकाश को सौंपी गई है। पुलिस शिकायत में लगाए गए मारपीट, मजदूरी की रकम रोकने और धमकी के आरोपों की जांच कर रही है।