हनुमानगढ़ जिले में डकैती की साजिश रचने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फेफाना थाना पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या 7 हो गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रामनिवास उर्फ अर्जुनराम (34) निवासी कागदाना और सुनील उर्फ डेला उर्फ डेलिया (30) निवासी जांडवाला छोत्तर, फतेहाबाद के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी हरियाणा के रहने वाले हैं और गिरफ्तारी के समय भादरा क्षेत्र में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार इन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, डकैती, चोरी और ठगी जैसे लगभग 10 मामले दर्ज हैं। इन दोनों की गिरफ्तारी से पहले, इस मामले में 5 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था। गौरतलब है कि 29 मार्च 2026 को गोगामेड़ी थाना पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे गिरोह के 5 सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से एक विदेशी पिस्टल, एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, धारदार हथियार, हथौड़ी और पेचकस बरामद किए गए थे। इस संबंध में गोगामेड़ी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।