हनुमानगढ़ के भादरा क्षेत्र के गांव मलसीसर निवासी एक नाबालिग छात्र से हुई मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बुधवार को सर्व ब्राह्मण महासभा ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें मामले में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। संगठन के सदस्य आशीष पारीक ने बताया कि यह घटना 8 मई को हुई थी, जब नाबालिग छात्र के साथ कई लोगों ने मिलकर मारपीट की। घायल छात्र का उपचार अभी अस्पताल में चल रहा है। महासभा ने इस घटना को अमानवीय बताया है और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। संगठन के जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि यह घटना पूर्व नियोजित तरीके से अंजाम दी गई थी। उन्होंने बताया कि छात्र को बस से नीचे उतारकर हमला किया गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। महासभा ने मांग की है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों को भी तत्काल गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ कठोर धाराओं में मामला दर्ज किया जाए। ज्ञापन में रोडवेज बस के कंडक्टर को बर्खास्त करने और जिला पूल में कार्यरत ड्राइवर को भी तत्काल हटाने की मांग की गई है। संगठन सदस्यों ने कहा कि इस घटना को लेकर समाज में भारी रोष व्याप्त है। महासभा ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो आगे आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान समाज के कई प्रतिनिधि और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।