हनुमानगढ़ के जंक्शन थाना क्षेत्र में संस्कार स्कूल के पास से एक बाइक चोरी हो गई। धौलीपाल निवासी तरसेम सिंह ने इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तरसेम सिंह ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि 9 अप्रैल को दोपहर करीब 4 बजे उन्होंने अपनी बाइक इंडस्ट्रियल एरिया स्थित संस्कार स्कूल के पास खड़ी की थी। जब वे कुछ समय बाद वापस लौटे, तो बाइक मौके से गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बाइक चोरी कर ली है। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच ASI विनोद कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। साथ ही पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों से भी पूछताछ कर रही है।