हनुमानगढ़ में साइबर थाना पुलिस ने म्यूल अकाउंट के दुरुपयोग के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हनुमानगढ़ टाउन निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी के खाते में 88 लाख रुपए से अधिक की संदिग्ध ट्रांजेक्शन सामने आई है, जिसे देश के विभिन्न स्थानों पर दर्ज 18 साइबर शिकायतों से जोड़ा गया है। पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 15, पंजाबी मोहल्ला निवासी श्योचंद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच में पता चला कि आरोपी ने बैंक ऑफ बड़ौदा में 'जनक एंटरप्राइजेज' के नाम से एक चालू खाता खुलवाया था। यह खाता मूल रूप से एक बुक बाइंडिंग फर्म के लिए था, लेकिन व्यवसाय नहीं चलने के बावजूद सक्रिय रहा। ठगी की रकम जमा और ट्रांसफर की जाती थी इसी दौरान आरोपी कुछ युवकों के संपर्क में आया और उसने अपने बैंक खाते की जानकारी अन्य लोगों को दे दी। इसके बाद यह खाता म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल होने लगा, जिसमें ठगी की रकम जमा की जाती और फिर ट्रांसफर की जाती थी। सूत्रों के मुताबिक आरोपी को इस काम के बदले मामूली रकम मिली, जबकि खाते के माध्यम से लाखों रुपए का लेनदेन हुआ। मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश जारी साइबर थाना प्रभारी रघुवीर सिंह बीका ने बताया कि इस खाते से जुड़े मामलों में विभिन्न स्थानों पर कुल 18 शिकायतें दर्ज हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पूरे मामले को 'ऑपरेशन म्यूल हंट' के तहत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस साइबर ठगी नेटवर्क के मास्टरमाइंड तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।