हनुमानगढ़ के राजकीय नेहरू मेमोरियल कॉलेज को लंबे इंतजार के बाद आठ नए व्याख्याता मिल गए हैं। नए शिक्षकों के कार्यभार संभालने से लंबे समय से शिक्षकों की कमी के कारण प्रभावित हो रही विद्यार्थियों की पढ़ाई में सुधार की उम्मीद जगी है। इस अवसर पर कॉलेज में स्वागत समारोह और छात्रसभा आयोजित कर नव नियुक्त व्याख्याताओं का सम्मान किया गया। माल्यार्पण और साफा पहनाकर किया स्वागत समारोह में विज्ञान संकाय के व्याख्याता शाहीना खान और विनोद कुमार, कला संकाय के व्याख्याता नीतीश कुमार, भगवाना राम एवं अक्षय कुमार तथा वाणिज्य संकाय के व्याख्याता हीरालाल विश्नोई, प्रदीप और विजय का माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर स्वागत किया गया। विद्यार्थियों ने उम्मीद जताई कि नए व्याख्याताओं के आने से नियमित कक्षाएं संचालित होंगी और शिक्षण व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी। प्राचार्य बोले— गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हमारी प्राथमिकता कॉलेज के प्राचार्य रामपाल अहरोदिया ने कहा कि कॉलेज प्रशासन विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नव नियुक्त व्याख्याताओं से निष्ठा और समर्पण के साथ अपने शैक्षणिक दायित्व निभाने का आह्वान करते हुए विश्वास जताया कि सभी शिक्षक मिलकर कॉलेज की शैक्षणिक गुणवत्ता को और मजबूत करेंगे। एसएफआई ने आंदोलन का बताया परिणाम कार्यक्रम में एसएफआई ने भी नए व्याख्याताओं का स्वागत किया। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष महेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि लंबे समय से व्याख्याताओं की कमी के कारण छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। उन्होंने दावा किया कि एसएफआई ने इस मुद्दे पर लगातार आंदोलन, ज्ञापन और विभिन्न स्तरों पर संघर्ष किया, जिसके परिणामस्वरूप कॉलेज को आठ नए व्याख्याता मिले हैं। रिक्त पद भरने की मांग रहेगी जारी महेंद्र कुमार शर्मा ने इसे विद्यार्थियों की एकजुटता और संगठन के प्रयासों की सफलता बताते हुए कहा कि शेष रिक्त पदों को भरवाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। एसएफआई के तहसील महासचिव मोहित इंशा ने कहा कि संगठन आगे भी छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहेगा। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में मीनाक्षी सहारण, दिव्या, सेवन भाटीवाल, पूजा, सपना, हिना, मीनाक्षी, निशा, रेणु सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, कॉलेज परिवार और एसएफआई कार्यकर्ता मौजूद रहे।