हनुमानगढ़ में रविवार को भगवान श्रीपरशुराम जयंती मनाई गई। जंक्शन स्थित परशुराम चौक पर ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में सुबह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और विधिवत पूजा-अर्चना की। सुबह करीब 7:15 बजे पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और सामूहिक आरती की। आयोजन स्थल पर व्यवस्थाएं सुचारु रहीं। राम मनोहर लोहिया स्कूल से निकलेगी शोभायात्रा आयोजकों के अनुसार जयंती के उपलक्ष्य में शाम को भी कई कार्यक्रम निर्धारित हैं। दोपहर 3:15 बजे राम मनोहर लोहिया स्कूल, हनुमानगढ़ टाउन से एक शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए गौड़ ब्राह्मण धर्मशाला, हनुमानगढ़ जंक्शन पहुंचेगी। इसमें झांकियां, बैंड-बाजे और धार्मिक ध्वज शामिल होंगे। मेधावी स्टूडेंट्स का होगा सम्मान इसके बाद शाम 4:15 बजे सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा। शाम 6:15 बजे प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान समारोह रखा गया है। इसमें वर्ष 2025-26 के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। रात 8:15 बजे सामूहिक भोजन प्रसाद का भी आयोजन है। आयोजन समिति ने बताया कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करना है। समिति ने समाज के सभी लोगों से परिवार सहित कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।