भगवान परशुराम के प्राकट्य दिवस की तैयारियों के संबंध में सोमवार को हनुमानगढ़ में सर्व ब्राह्मण महासभा की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक सेक्टर 6 स्थित सामुदायिक केंद्र में हुई, जिसमें 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। महासभा के जिलाध्यक्ष दुर्गाप्रसाद शर्मा ने बताया कि परशुराम जयंती के अवसर पर 19 अप्रैल को सुबह 7:15 बजे परशुराम चौक पर सामूहिक पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद भगवान परशुराम की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। बैठक में परशुराम चौक के सौंदर्यकरण को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कमेटी के सदस्य शांति प्रकाश बिस्सा, गोपाल शर्मा और नरेश पुरोहित ने जानकारी दी कि चौक की साफ-सफाई, रंग-रोगन और लाइट डेकोरेशन कर इसे आकर्षक रूप दिया जाएगा। इसका उद्देश्य आयोजन को भव्यता प्रदान करना है। शाम के कार्यक्रम के तहत परशुराम चौक पर भव्य आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा। गोपाल शर्मा ने इस आतिशबाजी की घोषणा करते हुए इसे यादगार बनाने का आश्वासन दिया। यह आतिशबाजी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगी। महासभा पदाधिकारियों ने समाजजनों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने घरों में शाम के समय 11-11 दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान परशुराम के प्रति श्रद्धा प्रकट करें। उन्होंने इस पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाने, समाज की एकता बनाए रखने और सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में रामानंद बोहरा, चिरंजीलाल शर्मा, भीमसेन पारीक, सतीश शर्मा, अशोक व्यास, पुरुषोत्तम कौशिक, रमेश कौशिक, मनोज शर्मा, साहबराम शर्मा, लोकराज शर्मा, इंदु तिवारी, प्रवीण तिवारी, मूलचंद शर्मा, विजय शर्मा सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।