हनुमानगढ़ जिले में अवैध हथियार और नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने मंगलवार को अलग-अलग मामलों में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कारतूस और करीब 21 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया। हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस ने गश्त के दौरान हिसार जिले के मंडी आदमपुर निवासी अनिल उर्फ फिनिया को पकड़ा। उसके पास से एक जिंदा और एक खाली कारतूस मिला। आरोपी के खिलाफ जंक्शन थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि अनिल 27.10 ग्राम हेरोइन तस्करी के एक मामले में भी वांछित था। उसके खिलाफ हरियाणा और राजस्थान के विभिन्न थानों में एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट, चोरी, मारपीट और दुष्कर्म सहित कुल 22 मामले दर्ज हैं। इसी क्रम में संगरिया थाना पुलिस ने नगराना निवासी 65 वर्षीय हिम्मतनाथ को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 20 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने हिम्मतनाथ के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक अन्य कार्रवाई में जंक्शन थाना पुलिस ने रोडांवाली निवासी नौरंगलाल को 945 ग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा के साथ पकड़ा। दोनों ही मामलों में पुलिस ने एनडीपीएस की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।