हनुमानगढ़ पुलिस ने सोमवार को एक दिवसीय 'एरिया डॉमिनेशन' अभियान चलाया। इस दौरान जिलेभर में 152 स्थानों पर दबिश देकर नशा तस्करों, वांछित अपराधियों और असामाजिक तत्वों सहित कुल 71 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई एसपी नरेंद्र सिंह मीना के निर्देशन में 213 पुलिसकर्मियों की 45 विशेष टीमों द्वारा की गई। अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट के तहत 2 मामले दर्ज किए गए। इनमें 30.41 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 40 ग्राम अफीम बरामद हुई। इन मामलों में हनुमानगढ़ जंक्शन और पीलीबंगा थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा आबकारी अधिनियम के तहत चार प्रकरण दर्ज कर अवैध हथकढ़ शराब के साथ चार आरोपियों को गोलूवाला थाना पुलिस ने पकड़ा। एक अन्य आरोपी को अन्य अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया। 11 गिरफ्तारी वारंटियों को भी पकड़ा पुलिस ने पांच सामान्य प्रकरणों में वांछित आरोपियों, छह स्थायी वारंटियों और उद्घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया। साथ ही 11 गिरफ्तारी वारंटियों को भी पकड़ा गया। 42 असामाजिक तत्वों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई। हेरोइन के साथ महिला गिरफ्तार इस अभियान के दौरान, हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस ने सुरेशिया क्षेत्र की 55 वर्षीय इच्छा देवी उर्फ इच्छो को 30.41 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। पीलीबंगा थाना पुलिस ने गोलूवाला-पीलीबंगा मार्ग पर एक कार से खरलिया निवासी जोगिंदर सिंह को 40 ग्राम अफीम के साथ पकड़ा। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर पूछताछ जारी है।