हनुमानगढ़ जिले में अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 3 अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान मादक पदार्थों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, एनडीपीएस एक्ट के एक वांछित आरोपी को दबोचा गया और मंदिर चोरी का सामान भी बरामद किया गया। पल्लू थानाधिकारी सुरेश मील के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गश्त के दौरान वन विभाग कार्यालय के पास कार्रवाई करते हुए दिनेश उर्फ दीनू (23) निवासी वार्ड 18, रावतसर (हाल ढाणी रोही पल्लू) को गिरफ्तार किया। उसकी तलाशी लेने पर 4.20 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 1 किलो 106 ग्राम डोडा पोस्त चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। दिनेश उर्फ दीनू पर पहले भी एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज हैं। इस मामले की जांच खुईयां थाना प्रभारी विजेंद्र शर्मा कर रहे हैं। नशा तस्करी मामले में 8वीं गिरफ्तारी इधर, रावतसर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी विक्रम निवासी झेदासर को पल्लू पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी थाना रावतसर में दर्ज प्रकरण के तहत की गई है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले ही 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। मंदिर चोरी मामले में चांदी के 7 छत्र, डीवीआर, बाइक बरामद उधर टिब्बी थाना पुलिस ने इच्छापूर्ण बालाजी मंदिर, कमरानी में हुई चोरी के मामले में अनुसंधान के दौरान महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब एक किलो वजनी चांदी के 7 छत्र, मंदिर का कैमरा डीवीआर और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। पुलिस इस मामले में पहले ही कमरानी निवासी अब्दुल खालिक उर्फ लाला, नूरनबी और अर्जुन को गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने सदर हनुमानगढ़ और हनुमानगढ़ टाउन थाना क्षेत्र के धार्मिक स्थलों पर भी चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। उनके खिलाफ पहले भी चोरी, नकबजनी और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य वारदातों के संबंध में उनसे पूछताछ कर रही है।