हनुमानगढ़ में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस मौके पर देश की सुरक्षा में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। रिजर्व पुलिस लाइन में हुए कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने शहीद पुलिसकर्मियों को पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया। पुलिस अधिकारियों, जवानों और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने भी शहीदों को याद किया। एसपी बी आदित्य ने बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में 10 पुलिसकर्मी शहीद हुए थे। उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। पुलिस स्मृति दिवस पर निरीक्षण परेड भी हुई। इसके बाद पौधरोपण कर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया। रक्तदान शिविर लगाकर मानव सेवा को बढ़ावा दिया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।