हनुमानगढ़ पुलिस ने मंगलवार देर रात शहर में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष डिकॉय ऑपरेशन चलाया। इस दौरान सादा वर्दी में तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं से अभद्रता और फब्तियां कसने वाले मनचलों को रंगे हाथों पकड़ा। अभियान के तहत करीब 12 युवकों को शांति भंग की आशंका में हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर के मॉल, सिटी सेंटर, पार्क और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाना और असामाजिक तत्वों पर लगाम कसना था। सिविल ड्रेस में तैनात थी महिला पुलिसकर्मी एएसपी अरविंद के नेतृत्व में पुलिस ने विशेष रणनीति अपनाई। महिला अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को सिविल ड्रेस में अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया। पुलिस टीम में महिला थाना प्रभारी रजनदीप कौर, एसआई संतोष ढाका, ज्योति कडवासरा, चूंका और एएसआई गायत्री चौधरी के साथ कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और विभिन्न थानों की महिला पुलिसकर्मी शामिल थीं। कार्रवाई से मनचलों में मचा हड़कंप कार्रवाई के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने सामान्य नागरिकों की तरह सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी रखी। जैसे ही कुछ युवक महिलाओं और छात्राओं पर फब्तियां कसते या अभद्र हरकतें करते दिखे, पुलिस टीम ने उन्हें तुरंत पकड़ लिया। इस अचानक हुई कार्रवाई से शहर के मनचलों में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के खिलाफ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने महिलाओं से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में राजकोप सिटीजन ऐप के एसओएस फीचर का उपयोग करें। इसके अलावा महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 01552-261105 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9530432468 पर भी तुरंत शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।