हनुमानगढ़ टाउन के पंजाबी मोहल्ला स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय अंग्रेजी माध्यम परिसर में मंगलवार को 1 नए कमरे का लोकार्पण किया गया। इस कमरे का निर्माण श्री अमरनाथ सेवा समिति ने करवाया है। लोकार्पण कार्यक्रम में विधायक गणेश राज बंसल, नगरपरिषद सभापति मंजू रणवां और उपसभापति सोनू बंसल मौजूद रहे। इस कमरे के निर्माण पर 4 लाख 25 हजार रुपए की लागत आई है। विधायक बंसल ने समिति को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किया गया सहयोग समाज और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए बहुत जरूरी है। ऐसे काम विद्यार्थियों को बेहतर पढ़ाई का माहौल देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सामाजिक संस्थाओं के ऐसे जनहित के काम तारीफ के काबिल हैं। इनसे दूसरी संस्थाओं और भामाशाहों को भी समाजसेवा की प्रेरणा मिलती है। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष सूरजभान मित्तल और सचिव इन्द्रजीत चराया सहित कई लोग मौजूद रहे।