हनुमानगढ़ में देवस्थान विभाग ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-2026 के तहत सोमवार को धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया। हनुमानगढ़ टाउन स्थित सनातन धर्म महावीर दल परिसर में हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा से हुई, जिसमें महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इसके बाद भगवान शिव का रुद्राभिषेक, विशेष पूजन और श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और धार्मिक गायन से भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने सामूहिक महाआरती में शामिल होकर देश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण भी किया गया। यह आयोजन ईस्वी 1026 में हुए आक्रमण के 1000 वर्ष और स्वतंत्रता के बाद वर्ष 1951 में पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के पुनः उद्घाटन के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में किया गया था। इस दौरान गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर में आयोजित राष्ट्रीय शिखर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण टीवी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने देखा और सोमनाथ मंदिर से जुड़े ऐतिहासिक व धार्मिक प्रसंगों को सुना। इस अवसर पर एडीएम उम्मेदीलाल मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, भाजपा नेता भारतभूषण शर्मा, ओम सोनी, जुगलकिशोर गौड़, आशीष पारीक सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।