हनुमानगढ़ जिले के नवनियुक्त एसपी बी. आदित्य ने रविवार को नोहर सेक्टर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस व्यवस्था का व्यापक जायजा लिया, अधिकारियों की बैठक ली और थानों का निरीक्षण कर सख्त निर्देश दिए।
इसके अलावा पीलीबंगा थाना क्षेत्र के गांव बड़ोपल में आयोजित पुलिस की रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से सुरक्षा, साइबर जागरूकता और नशा मुक्ति अभियान में सहयोग की अपील की गई। जनजागरूकता बढ़ाने पर दिया जोर
नोहर पहुंचने पर एसपी बी. आदित्य को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्त अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और अपराध की स्थिति की समीक्षा की गई।
एसपी ने गैंगस्टरों, हिस्ट्रीशीटरों, नशा तस्करों और संगठित अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण, यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया। थानों में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बैठक के बाद एसपी ने नोहर, गोगामेड़ी, भादरा और भिरानी थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने मालखाना, हवालात, रिकॉर्ड संधारण, पुलिस मैस, जब्त वाहनों और कार्यालय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसपी ने लंबित मालखाना वस्तुओं का शीघ्र निस्तारण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और थाना परिसरों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने थानों के एचएम कार्यालय में 1930 साइबर हेल्पलाइन, सीसीटीवी नेटवर्क और अन्य ऑनलाइन पुलिस पोर्टलों की कार्यप्रणाली की भी जानकारी ली। साइबर अपराध और यातायात हॉटस्पॉट क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। इस दौरान एसपी ने गांव नेठराणा में अभिषेक शर्मा हत्याकांड के घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जांच की प्रगति की समीक्षा करते हुए निष्पक्ष एवं त्वरित अनुसंधान के निर्देश दिए। गोगामेड़ी थाने में आगामी मेले की तैयारियों की समीक्षा की गई, जहां सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के लिए समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा गया।
वहीं, भिरानी थाने में अंतरराज्यीय सीमा पर नाकाबंदी, गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन जांच के निर्देश दिए गए। बड़ोपल में रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
इधर, पीलीबंगा थाना क्षेत्र के गांव बड़ोपल स्थित पंचायत घर में आयोजित रात्रि चौपाल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी और थानाधिकारी राय सिंह ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। अधिकारियों ने राजकॉप सिटीजन ऐप, महिला हेल्पलाइन, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 और पुलिस की अन्य सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही एसपी बी. आदित्य के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत नशा तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस की आधिकारिक व्हाट्सएप हेल्पलाइन 87645-31201 पर देने की अपील की। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। ग्रामीणों ने भी पुलिस को कानून व्यवस्था बनाए रखने और नशे के खिलाफ अभियान में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।