हनुमानगढ़ में राजस्थान शिक्षक संघ (अंबेडकर) की संगरिया ब्लॉक कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया गया। रविवार को साहुवाला धर्मशाला में आयोजित बैठक में शिक्षा के स्तर में सुधार, शिक्षकों की समस्याओं और विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके बाद चुनाव अधिकारी जोगेंद्र सिंह और चुनाव पर्यवेक्षक हीरालाल लोहिया की देखरेख में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। चुनाव प्रक्रिया के तहत युधिष्ठिर मेहरड़ा को सर्वसम्मति से ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया। इसी तरह धर्मपाल छाछीया को उपाध्यक्ष, रामेश्वर को तहसील मंत्री, राजनारायण को कोषाध्यक्ष, भोपाल मेहरड़ा को सभाध्यक्ष, श्योपत राम को संयुक्त मंत्री, प्रेम कुमार को प्रवक्ता, राधेश्याम कोटी को सलाहकार तथा राजेंद्र को प्रतिनिधि (माध्यमिक शिक्षा) नियुक्त किया गया। बैठक के दौरान पूर्व शैक्षणिक सत्र का आय-व्यय विवरण भी प्रस्तुत किया गया, जिस पर सदस्यों ने चर्चा कर पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया। इसके अलावा विद्यार्थियों को मिलने वाली छात्रवृत्ति में आ रही समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया गया। कुक-कम-हेल्पर के मानदेय को न्यूनतम श्रमिक दर के अनुरूप निर्धारित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। शिक्षकों की लंबित समस्याओं में ग्रेड थर्ड शिक्षकों की डीपीसी, जो पिछले सात वर्षों से लंबित है, को लेकर भी चिंता जताई गई और इसे शीघ्र पूरा कराने की मांग उठाई गई। जिलाध्यक्ष दीपक बारोटिया व जिला मंत्री राकेश सकरवाल ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।