15 सितंबर 2021, हनुमानगढ़ का एक गांव। गांव के एक कोने में एक पुराना कच्चा घर, जहां 60 साल की एक विधवा महिला अकेली रहती थी। तीन साल पहले पति के गुजर जाने के बाद कच्चा घर ही उसका सहारा था। उस रात किसी ने गला दबाकर महिला की हत्या कर दी। शव देखकर आशंका थी कि महिला के साथ गलत हरकत भी हुई है। बुजुर्ग महिला के देवर को मिली अनहोनी की सूचना 15 सितंबर को रात के करीब 1 बज रहे थे। एक शख्स दौड़ता हुआ बुजुर्ग महिला के देवर के घर पहुंचा। उसने जो बताया, उससे देवर के पैरों तले जमीन खिसक गई। उस शख्स ने बताया कि उसकी भाभी के साथ अनहोनी हो गई है। देवर घटना को भांपते हुए तुरंत पुलिस को फोन करता है और भाभी के घर के लिए दौड़ पड़ता है। देवर और कुछ ग्रामीण वहां पहुंचे तो घर का दरवाजा आधा खुला था। अंदर का नजारा किसी डरावनी फिल्म से कम नहीं था। कमरे के बीचों-बीच चारपाई पर महिला का शव पड़ा था। उनकी आंखें पथरा गई थीं। कमरे की कच्ची मिट्टी खुदी हुई थी। घास और झाड़ू इधर-उधर बिखरी थी। हवा में एक अजीब सी भारीपन और दहशत थी। समझ नहीं आ रहा था आखिर ये क्या हुआ है। महिला के साथ गलत होने की आशंका इस बीच सूचना मिलने के साथ ही पुलिस भी मौके पर पहुंच जाती है। मौका-ए-वारदात को देखकर पुलिस भी हैरान हो जाती है। कोई समझ नहीं पाता है कि आखिर क्या हुआ है। एक चीज जो सबको समझ आती है वो ये कि किसी ने बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी है। शव जिस हालात में पड़ा मिलता है उससे एक बात का शक गहरा जाता है कि महिला के साथ और कुछ गलत भी हुआ है। पुलिस पूरे मामले को भांपते हुए जांच शुरू करती है। आस-पड़ोस के लोगों से बुजुर्ग महिला को लेकर पूछताछ करती है। आखिर बार महिला को किसने देखा था। क्या महिला की किसी से कोई लड़ाई-झगड़ा या रंजिश थी, क्या महिला के घर पर किसी को आते-जाते हुए किसी ने देखा। इन सब सवालों के साथ पुलिस अपनी जांच आगे बढ़ाती है, तभी महिला का देवर पुलिस को एक बात बताता है, जिसके बाद पुलिस के कान खड़े हो जाते हैं। वारदात की रात देवर के घर आई थी महिला बुजुर्ग महिला के देवर ने पुलिस को बताया कि उसी रात करीब साढे़ दस बजे के आसपास उसकी भाभी उसके घर पर आई थी। कांपती आवाज में भाभी ने बताया था कि एक परिचित शख्स मेरे घर में गलत नीयत से घुस आया था। उसने मेरे साथ गलत हरकत करने की कोशिश की और मेरा मोबाइल छीनकर भाग गया। देवर ने बताया कि उस वक्त रात काफी हो चुकी थी। उसने भाभी को हिम्मत दी और सुबह बात करने को कहा था।उसने भाभी को अपने ही घर रुकने को कहा था, लेकिन मवेशियों का हवाला देकर भाभी वापस अपने घर चली गई थी। देवर की आखिरी बार भाभी से बातचीत और बातचीत में एक शख्स का नाम सामने आने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट जाती है। कल राजस्थान क्राइम फाइल्स पार्ट-2 में पढ़िए आगे की कहानी…