हनुमानगढ़ में अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने जिले में बढ़ते नशे के कारोबार और युवाओं में फैलती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की है। समिति ने सोमवार को जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर चिट्टा और अन्य अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। ज्ञापन में समिति ने बताया कि जिले के कई गांवों और मोहल्लों में नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। इसका सीधा असर युवा पीढ़ी पर पड़ रहा है, जिससे कई परिवार और समाज प्रभावित हो रहे हैं। समिति ने आरोप लगाया कि खुलेआम नशे की बिक्री के बावजूद पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे नशा कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आए दिन समाचार पत्रों और अन्य माध्यमों से नशे के कारण युवाओं की मौत की खबरें सामने आती हैं। कई सार्वजनिक और सुनसान इलाकों में लोग खुलेआम नशा करते देखे जा सकते हैं, जिससे आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पुलिस प्रशासन समय-समय पर कार्रवाई करता है, लेकिन जमीनी स्तर पर नशे के नेटवर्क को पूरी तरह से खत्म नहीं किया जा सका है। समिति ने मांग की है कि पुलिस गांव स्तर तक निगरानी बढ़ाए और नशा बेचने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए। महिला समिति ने पुलिस से सूचना देने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की। समिति का कहना है कि कई लोग डर के कारण नशा कारोबारियों के खिलाफ खुलकर जानकारी नहीं दे पाते। ऐसे लोगों की पहचान गोपनीय रखी जानी चाहिए ताकि आमजन पुलिस का सहयोग कर सकें। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन द्वारा आंदोलन तेज किया जाएगा। जनवादी महिला समिति जिले को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चला रही है और इस मुद्दे पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया है। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष कमला, चंद्रकला, सर्वजीत और ममता सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।