सिरसा जिले के गांव जोगीवाला में आधा दर्जन गांवों के किसानों ने राजस्थान सीमा पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। किसान राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले की भादरा तहसील के गांव गांधी में स्थापित की जा रही टायर गलाने वाली फैक्ट्री का विरोध कर रहे हैं। उनका आरोप है कि इस फैक्ट्री से क्षेत्र में प्रदूषण फैलने की आशंका है। गांव गांधी हरियाणा-राजस्थान सीमा पर स्थित है। किसानों का कहना है कि फैक्ट्री लगने से आसपास के गांवों की हवा, पानी और खेती बुरी तरह प्रभावित हो सकती है। इसी आशंका के चलते हरियाणा के जोगीवाला, चाहरवाला, रामपुरिया बगड़िया सहित कई गांवों के ग्रामीण और किसान मौके पर पहुंचे और धरना शुरू किया। कई गांवों के लोग रहे मौजूद धरने में देश बंधु बैनीवाल, अनिल बैनीवाल (सरपंच प्रतिनिधि), कृष्ण जी (पूर्व सरपंच), महावीर भाकर, भूप सिंह बैनीवाल, हरबंस खेतलान, प्रवीण पोहड़, सुभाष जाखड़, रामूर्ति खेतलान, सतबीर साहू, राजेंद्र जाखड़, गिरधारी बैनीवाल, धेतरवाल, संदीप खेतलान, सुरेंद्र और साधुराम सहित कई गांवों के लोग मौजूद रहे। वहीं, गांधी गांव से किसान रामस्वरूप छिम्पा, रोहताश छिम्पा, सुभाष पुनिया, रणधीर छिम्पा, महावीर पुनिया, शंकरलाल पूनियां, प्रहलाद पूनियां, सुनील और भागीरथ सहित सैकड़ों ग्रामीण भी धरने में शामिल हुए। किसानों और ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक फैक्ट्री लगाने की प्रक्रिया बंद नहीं की जाती, तब तक उनका यह धरना जारी रहेगा।