पश्चिम से आने वाली गर्म हवाओं का असर बढ़ते ही राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर तेज हो गया है। प्रदेश के 12 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि श्रीगंगानगर में सर्वाधिक 44.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। यह गुरुवार को देश का सबसे गर्म शहर रहा। इस बार अप्रैल में ही लू के साथ उमस भरी गर्मी भी लोगों को परेशान करने लगी है। मौसम पूर्वानुमान जारी करने वाली स्काईमेट के अनुसार, वातावरण में हीट डोम जैसे असर के कारण मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पश्चिमी राजस्थान में जहां लू चल रही है, वहीं उत्तर-पूर्वी जिलों में लू के साथ उमस भरी गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है। प्रमुख शहरों का पारा...श्रीगंगानगर-44.5 डिग्री, कोटा-43, चूरू-42.6 डिग्री, चित्तौड़गढ़-42.5 डिग्री, बीकानेर-41.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। हीट डोम जैसा असर क्यों?... फरवरी और मार्च में ओले और बारिश होने से वातावरण और जमीन में नमी बनी हुई है। अब ऊपरी सतह पर उच्च दबाव की स्थिति बन रही है, जिससे नीचे मौजूद गर्म हवा ऊपर नहीं निकल पा रही। यही स्थिति हीट डोम जैसा असर पैदा कर रही है।