भास्कर न्यूज | बारां जिले में अब गर्मी ने सबसे तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शनिवार को दिन का पारा 1.5 डिग्री बढ़कर 42.2 डिग्री पर पहुंच गया। इसके कारण दिनभर चले लू के थपेड़ो ने लोगो का हाल बेहाल कर दिया। साथ ही न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 27 डिग्री पर पहुंच गया है। इसके कारण लोगो को अब दिन के साथ रात में भी गर्मी से राहत नही मिल रही है। दिनभर लोग धूप और गर्मी से बचने का जतन करते नजर आ रहे है। साथ ही दोपहर के समय अब बाजारों और मुख्य मार्गो पर सन्नाटा पसर रहा है। अब आगामी दिनों में भी तापमान में बढ़ोतरी के आसार से गर्मी का असर बढ़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने मई और जून के महीनों में सामान्य से ज्यादा गर्मी रहने की आशंका जताई है। जयपुर मौसम केंद्र निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस बार गर्मी 15 दिन देर से आई है। हालांकि इसका मतलब यह नहीं कि यह कम खतरनाक है। यह इस बात का संकेत है कि मई और जून के महीने सामान्य से अधिक गर्म हो सकते हैं। अब आगामी 2 दिनों के दौरान तापमान में बढ़ोतरी के आसार है। हालांकि प्रदेश में कुछ जगहों पर स्थानीय स्तर पर चक्रवाती दबाव बनने से धूल भरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी होने के आसार है। लेकिन इसका असर बारां जिले में नही रहने के आसार है। ऐसे में अब आगामी दिनों के दौरान तापमान में बढ़ोतरी के आसार है। शनिवार को सुबह से ही शहर में तेज तपन और गर्मी बनी रही। दोपहर में लू ने लोगों को बेहाल किया। जिससे आवाजाही कम रही। 1. एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन : राजस्थान के ऊपर वायुमंडल में बना विपरीत चक्रवाती घेरा हवा को नीचे दबाता है। इससे हवा गर्म हो जाती है और बादल नहीं बन पाते। साफ आसमान के कारण सूरज की किरणें सीधे जमीन को तपा रही हैं। 2. पाकिस्तान से आने वाली गर्म हवा : पाकिस्तान की ओर से आने वाली हवा अपने साथ तेज गर्मी लेकर आ रही हैं। इन हवाओं में नमी बिल्कुल नहीं है, जिससे प्रदेश में हीटवेव की स्थिति बन गई है। 3. स्थानीय तापीय प्रभाव : पिछले 3-4 दिन से मौसम स्थिर रहने के कारण शहरों में बने कंक्रीट के स्ट्रक्चर और जमीन ने गर्मी को सोख लिया है। अब वह गर्मी रात के समय रेडिएशन के रूप में निकल रही है। इसी कारण अब बारां जिले में भी रात का तापमान बढ़ रहा है।