भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होते ही सूरज ने आग उगलना शुरू कर दिया है। मई माह के इन 7 दिनों में मौसम के कई अलग-अलग रूप देखने को मिले। मई माह की शुरुआत तेज गर्मी से हुई। 1 मई को 40.8, 2 व 3 मई को अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद मौसम बदला। अंधड़, बारिश व ओलावृष्टि की वजह से तापमान में गिरावट आई। 4 मई को अधिकतम तापमान 38.7, 5 मई को 34.7 व 6 मई को 38.2 डिग्री सेल्सियस रहा। लेकिन अब फिर से गर्मी ने जोर पकड़ लिया है। 7 मई को अधिकतम तापमान 2.4 डिग्री बढ़कर 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। इसी तरह न्यूनतम तापमान भी 0.4 डिग्री बढ़कर 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में आगामी दिनों में आंधी-बारिश की गतिविधियों में कमी होने की संभावना है। इस वजह से अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है। पश्चिमी भागों में 9 मई से हीटवेव का नया दौर शुरू होने जा रहा है। जोधपुर संभाग में आगामी 3-4 दिन तेज आंधी चलने की प्रबल संभावना है। सीमावर्ती जिलों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंचने की संभावना बन रही है।