हिंडौन सिटी में राज्य सरकार की ओर से संचालित शहरी सेवा शिविर 2026 का आयोजन सोमवार को नगर परिषद के अम्बेडकर भवन में किया गया। शिविर में वार्ड संख्या 44 और 45 के निवासियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और नागरिक सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर अपने लंबित कार्यों का निस्तारण कराया। शिविर के दौरान कार्यवाहक आयुक्त एवं एसडीएम हेमराज गुर्जर ने पात्र लाभार्थियों को कृषि भूमि के पट्टे, जन्म प्रमाण पत्र और विवाह प्रमाण पत्र वितरित किए। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य लोगों को सरकारी सेवाएं उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराना और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाना है। पीएम आवास और स्वनिधि योजना के आवेदनों का हुआ निस्तारण प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) 2.0 के तहत आवास के लिए 9 नए आवेदन प्राप्त हुए। वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के 15 आवेदनों का शिविर स्थल पर ही निस्तारण किया गया। इसके अलावा फायर एनओसी के लिए भी एक आवेदन प्राप्त हुआ, जिस पर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। जन्म, मृत्यु और विवाह प्रमाण पत्र सहित कई सेवाएं मिलीं एक ही स्थान पर शिविर में जन्म प्रमाण पत्र के 25, मृत्यु प्रमाण पत्र के 2 और विवाह प्रमाण पत्र के 7 आवेदनों का निस्तारण किया गया। बिजली और सफाई से जुड़े 15 मामलों का भी मौके पर समाधान किया गया। इससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली। शिविर में कृषि भूमि से संबंधित 7 पट्टे लाभार्थियों को सौंपे गए। साथ ही नाम परिवर्तन, उपविभाजन पट्टों और कृषि भूमि से जुड़े अन्य मामलों में राशि भी जमा कराई गई। शिविर में जलदाय, बिजली, आंगनबाड़ी, चिकित्सा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, सार्वजनिक निर्माण, राजस्व और खाद्य सुरक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान नगर परिषद आयुक्त एवं एसडीएम हेमराज गुर्जर, कैंप प्रभारी प्रेमराज मीना (लेखाधिकारी), सहायक अभियंता अरविंद कुमार मीना सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।