पंचायत राज चुनाव के दूसरे चरण में गड़बड़ी रोकने के लिए जोधपुर ग्रामीण पुलिस सख्ती बरतेगी। चुनावी माहौल बिगाड़ने वाले हिस्ट्रीशीटरों और बदमाशों पर शिकंजा कसा जाएगा। काले शीशे, लोहे के गार्डर लगे और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों को जब्त करने के लिए विशेष कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ मतदाताओं को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। ग्रामीण एसपी पंकज यादव ने पुलिस लाइन में चुनाव ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और जवानों की ब्रीफिंग लेकर ये निर्देश दिए। इसमें जिले के वृत्ताधिकारी, थानाधिकारी और पुलिस जाब्ता मौजूद रहा। एसपी ने कहा कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और मतदाताओं को भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। एसपी ने हिस्ट्रीशीटरों और बदमाशों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा चुनावी माहौल खराब करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। पुलिसकर्मियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों और कानूनी प्रावधानों की पालना करते हुए निष्पक्षता व अनुशासन से ड्यूटी करने के निर्देश भी दिए। एडिशनल एसपी रामेश्वरलाल ने चुनाव ड्यूटी में लापरवाही नहीं बरतने और आपसी समन्वय से काम करने को कहा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन के प्रति संयमित एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने के निर्देश दिए, ताकि मतदाता बिना भय, दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें।