भास्कर न्यूज | राजसमंद 4 जुलाई को पचपदरा, जिला बालोतरा में होने वाले एचआरआरएल रिफाइनरी उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का राजसमंद जिले में जिला, ब्लॉक, ग्राम पंचायत स्तर तक सीधा प्रसारण होगा। कलेक्टर अरुणकुमार हसीजा के नेतृत्व में तैयारियां चल रही हैं। जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा ने बताया कि कार्यक्रम के आयोजन, क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला, ब्लॉक, ग्राम पंचायत स्तर पर नोडल, सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जिला स्तरीय कार्यक्रम जिला मार्बल गैंगसा एसोसिएशन, रीको एरिया, राजसमंद में होगा। हर ब्लॉक में सामुदायिक केंद्र, बड़े हॉल या खुले स्थान पर वाटरप्रूफ टेंट लगाकर कार्यक्रम कराया जाएगा। हर ब्लॉक में न्यूनतम 500 लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सीधा प्रसारण सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग करेगा। ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम पंचायत भवन, भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र के सभा भवन, नजदीकी सरकारी स्कूल के हॉल या वाटरप्रूफ टेंट में ई-मित्र प्लस या एलईडी स्क्रीन से लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा। हर ग्राम पंचायत में भी कम से कम 500 लोगों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम के संचालन के लिए 3 जुलाई को सभी जगह ट्रायल होगा। इंटरनेट कनेक्टिविटी, डिस्प्ले स्क्रीन, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, कूलर, पंखे, अन्य व्यवस्थाओं की जांच होगी। अधिकारियों को कहा गया है कि 4 जुलाई को प्रसारण बिना रुकावट हो, इसके लिए पहले ही सभी इंतजाम पूरे कर लें।