कोटा ग्रामीण में पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने जमीन विवाद में सिर पर धारदार हथियार से वार कर पत्नी की जान ली थी। खुद को बचाने के लिए भी अपने सिर पर वार किया था। इसके बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी सुनाई थी। घटना अयाना थाना क्षेत्र के कजलिया गांव की है। ग्रामीण एसपी सुजित शंकर ने बताया कि घटना 28 जुलाई 2026 की रात की है। मामले में महिला कमलाबाई के पति चुन्नीलाल (73) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल के सबूतों, तकनीकी जांच और पड़ोसियों के बयानों के आधार पर मामले का खुलासा किया। दूध वाले के आने पर हत्या का पता चला था ग्रामीण एसपी ने बताया कि 28 जुलाई 2026 की रात पति-पत्नी खाना खाने के बाद सो गए थे। पुलिस जांच के अनुसार- आरोपी चुन्नीलाल ने पत्नी के सो जाने के बाद धारदार हथियार से उसके सिर पर वार किया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए अपने सिर पर भी हल्की चोट मारीं। खून पोंछकर सिर पर साफी बांध ली। सुबह दूध वाले के आने पर आरोपी ने दरवाजा खोला और अज्ञात लोगों की ओर से हमला करने की झूठी कहानी सुनाई। दामाद और भतीजों पर जताया था शक पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के बयान लिए। पूछताछ में उसने जमीन को लेकर विवाद का हवाला देते हुए अपने दामाद बलराम और भतीजों सोनू व चेतन पर संदेह जताया था। उसने बताया था कि करीब तीन-चार महीने पहले उसकी बेटी और दामाद उसके पास रहने आए थे। इस दौरान जमीन उनके नाम करने की बात कही गई थी, लेकिन उसने मना कर दिया। करीब एक महीने पहले दोनों वापस चले गए थे। पुलिस ने इस दावे की जांच के लिए तकनीकी साक्ष्य और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) किया। जांच में दामाद बलराम घटना की रात गांव रावल जावल में अपने बहनोई के मरणोपरांत शोक कार्यक्रम में मौजूद पाया गया। वहीं, भतीजों की लोकेशन में भी कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई। इससे पुलिस का शक आरोपी की बताई कहानी पर गहराता गया। छत और मकान पर नहीं मिले बाहरी व्यक्ति के आने के निशान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि मकान का मुख्य दरवाजा रात से सुबह तक अंदर से बंद था। सुबह दूधवाले के आवाज देने पर चुन्नीलाल ने ही दरवाजा खोला था। मकान की छत, चद्दरों और खपरैल पर भी किसी बाहरी व्यक्ति के दीवार फांदकर आने-जाने या टूट-फूट के निशान नहीं मिले। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर मृतका और चुन्नीलाल के अलावा किसी तीसरे व्यक्ति की मौजूदगी के प्रमाण नहीं मिले। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी चुन्नीलाल को गिरफ्तार कर लिया।