सोशल मीडिया पर वीडियो बनाना आसान है, लेकिन ऑडियंस को पहले कुछ सेकंड में रोकना और अंत तक जोड़े रखना ही असली चुनौती है। वीडियो की शुरुआत में दमदार हुक, रोचक स्क्रिप्ट और बेहतर प्रस्तुति इस काम में अहम भूमिका निभाते हैं। अब हैलो फ्रेंड्स... मेरा नाम... से शुरुआत करने का ट्रेंड गया। अब पहला शब्द ही वह होना चाहिए जिसे सुनकर ऑडियंस रुक जाए। कंटेंट क्रिएशन की फील्ड में आने वाले क्रिएटर्स को ऐसे ही कुछ उपयो​गी टिप्स दिए गए द सोलो हाउस में हुई कंटेंट क्रिएशन वर्कशॉप में। क्रिएटर्स कॉसमॉस की ओर से हुई इस वर्कशॉप में 30 क्रिएटर्स ने हिस्सा लिया। वर्कशॉप के होस्ट मुस्ताक खिलजी ने कहा, सामान्य आइडिया को भी सही तरीके से प्रेजेंट कर रोचक वीडियो में बदला जा सकता है। उन्होंने सोशल मीडिया एल्गोरिदम और ऑडियंस की पसंद को समझने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, उसी फील्ड में कंटेंट क्रिएटर बनें जिसमें आपकी पकड़ हो। फूड ब्लॉगर बनना है पहले खाने का वीडियो बनाने की आदत डालें। भूख लगी हो, क्रेविंग हो रही हो, खाना ठंडा हो रहा हो, इसकी चिंता किए बिना ही पहले वीडियो बनाएंगे तो फूड को डिफाइन कर पाएंगे। फैशन, ट्रैवल जैसे फील्ड के वीडियो स्टूडियो में नहीं बना सकते। डेस्टिनेशन पर जाना होगा, खुद मॉडल बनकर प्रेजेंट करना होगा। उन्होंने बताया कि डांस, फन या हॉबी के वीडियो कुछ हद तक रीच दे सकते हैं, लेकिन पैसा नहीं दिलाते। पैसा उन्हीं फील्ड में मिलेगा जिसमें आप नॉलेज दे सकें। इसके लिए स्टडी करनी होगी, रिसर्च करनी होगी, ऑडियंस की पसंद समझनी होगी। उन्होंने वीडियो शूटिंग, एडिटिंग, स्क्रिप्ट राइटिंग और कंटेंट को प्रभावशाली बनाने के तरीके प्रैक्टिकल रूप में समझाए। वर्कशॉप में लाइफ ऑफ आसिफ के आसिफ ने बतौर ​स्पेशल गेस्ट हिस्सा लिया और क्रिएटर्स के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कंटेंट क्रिएशन, ब्रांड कोलैबोरेशन और क्रिएटर के रूप में आगे बढ़ने के बारे में युवा क्रिएटर्स को गाइड किया। एसआरके ने एंकरिंग की। कंटेंट क्रिएटर्स के लिए 5 काम के टिप्स ▷ पहले 3 सेकंड में हुक : शुरुआत में सवाल, चौंकाने वाला तथ्य या दिलचस्प दृश्य रखें। ▷ स्क्रिप्ट छोटी रखें: एक वीडियो में एक मुख्य विचार पर फोकस करें। ▷ शूटिंग में रखें ध्यान: वीडियो की क्वालिटी, रोशनी, साफ आवाज और सही फ्रेम होना जरूरी है। ▷ क्रिस्प एडिटिंग होना जरूरी: एडिटिंग करते समय गैरजरूरी हिस्से हटाएं और वीडियो की स्पीड बनाए रखें। ▷ ऑडियंस की चॉइस पर नजर रखें: ऑडियंस की रुचि के मुताबिक कंटेंट बनाएं और रिएक्शन देखकर सुधार करें। वर्कशॉप