आईआईटी जोधपुर में बुधवार को जल संकट की स्थिति सामने आई, जब परिसर में पानी की सप्लाई अचानक बाधित हो गई। बताया जा रहा है कि दिन में मुख्य पंप खराब हो जाने के कारण पूरे कैंपस में पानी नहीं पहुंच पाया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र हाथों में बाल्टियां लेकर पानी के टैंकर का इंतजार करते नजर आए। संस्थान में जैसे ही टैंकर पहुंचा, छात्र लाइन में लगकर पानी भरते दिखे। सोशल मीडिया पर इसके वीडियो वायरल होने के बाद यह चर्चा का विषय बन गया। इसके बाद संस्थान प्रशासन ने टैंकर मंगवाकर छात्रों को पानी उपलब्ध कराया। सुरपुरा पंप से सप्लाई जोड़ने की मांग संस्थान की पब्लिक रिलेशन ऑफिसर प्रीतिंदर कौर ने बताया कि कैंपस में पानी की सप्लाई मानकलाव पंप के माध्यम से होती है, जो खराब हो गया था। तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर पंप को ठीक किया और करीब 5 से 6 घंटे बाद सप्लाई बहाल कर दी गई। इस बीच अस्थायी रूप से टैंकर के जरिए पानी की व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि संस्थान की ओर से कई बार जलदाय विभाग को पत्र लिखकर सप्लाई को सुरपुरा पंप से जोड़ने की मांग की गई है, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जलदाय विभाग ने 6 अवैध कनेक्शन काटे, 9.08 लाख रुपये की पेनल्टी का नोटिस दिया जलदाय विभाग ने कार्रवाई करते हुए अवैध कनेक्शन काटने की कार्रवाई की है। विभाग ने आरोपी खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसके साथ ही 9.08 लाख रुपये की पेनल्टी का नोटिस भी दिया गया। जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेंद्र मेहता ने बताया कि जैसलमेर-जोधपुर रिंग रोड के किनारे तख्तसागर से न्यू हाईकोर्ट रोड तक जाने वाली 450 एमएम डीआई पाइपलाइन पर कुड़ी हाउसिंग बोर्ड के पास मोती नगर के पास संतोष घांची पत्नी मनोहर घांची द्वारा इस पाइपलाइन पर अवैध कनेक्शन की सूचना प्राप्त हुई। तब विभाग के सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता द्वारा जेसीबी से पाइपलाइन के साइड में खुदाई करने पर 2 इंच व्यास के चार कनेक्शन व 1 इंच व्यास के दो कनेक्शन किए हुए पाए गए, जो कि लाइन के पास स्थित उनके घर में गए हुए थे। मौके पर कनेक्शन काटकर हटा दिए गए। दो चार इंच व्यास के एचडीपीई पाइप 400 एमएम डीआई लाइन के नीचे से सड़क के दूसरी तरफ जाते हुए पाए गए। इन दोनों पाइपों को भी मौके से काटकर हटा दिए गए। 9.08 लाख रुपये की पेनल्टी का नोटिस अवैध कनेक्शन कर पानी चोरी करने एवं सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मुकदमा दर्ज करने के लिए प्रथम सूचना रिपोर्ट कुड़ी पुलिस थाने में दी गई। पानी चोरी करने पर अवैध कनेक्शन करने वाले को 9.08 लाख रुपये की पेनल्टी का नोटिस दिया गया।